नंदौली गांव में सेवा का संदेश: 500 से अधिक जरूरतमंदों को कंबल वितरित, 8 वर्षों से जारी अभियान

लखनऊ। नंदौली गांव में एक बार फिर मानवता और सेवा का उदाहरण देखने को मिला, जहां सरल केयर फ़ाउंडेशन ट्रस्ट, बाबू सुंदर सिंह फ़ाउंडेशन और एमडी ट्रेड लाइन के संयुक्त तत्वावधान में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंचायत भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान 500 से अधिक जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। यह सामाजिक सेवा अभियान पिछले आठ वर्षों से निरंतर संचालित हो रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरपर्सन आनंद शेखर सिंह और वाइस चेयरपर्सन रीना सिंह ने कहा कि बाबू सुंदर सिंह फ़ाउंडेशन समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाता आ रहा है। कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम जरूरतमंदों के जीवन में राहत पहुंचाने का कार्य करते हैं और यही संस्था की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

एमडी ट्रेड लाइन के प्रबंध निदेशक मुरलीधर आनंदीलाल शर्मा और ममता मुरलीधर शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उन्हें आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है। उन्होंने भविष्य में भी इस सेवा अभियान से जुड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया।

सरल केयर फ़ाउंडेशन की अध्यक्ष रीता सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नंदौली गांव में बीते आठ वर्षों से कंबल वितरण का यह अभियान लगातार चल रहा है। संस्था का उद्देश्य है कि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रह जाए।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रीना सिंह, प्रोफेसर डॉ. के.के. सिंह, डॉ. आलोक शुक्ला, पूर्व प्रधान राम बहादुर, अमृतलाल, शिक्षक एवं समाजसेवी आईपी सिंह, हाईकोर्ट अधिवक्ता राजेश तिवारी, काजल सोनी, विनोद तिवारी, सत्यप्रताप सिंह, राजेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस सेवा कार्य की खुले दिल से सराहना की।