ऐशबाग सीएचसी में स्तन कैंसर जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने बताए लक्षण और बचाव के उपाय

लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान, लखनऊ के पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऐशबाग में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता की।

विशेषज्ञों ने बताया कि स्तन या बगल में गांठ होना, स्तन के आकार या बनावट में बदलाव, निप्पल से खून या किसी भी प्रकार का असामान्य स्राव, स्तन की त्वचा पर गड्ढे पड़ना, लालिमा या सिकुड़न जैसे लक्षण स्तन कैंसर के संभावित संकेत हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना दर्द की गांठ भी गंभीर हो सकती है, इसलिए किसी भी असामान्य परिवर्तन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पब्लिक हेल्थ विभाग, कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान की डॉ. दीक्षा पाठक ने कहा कि समय पर जांच और सही जानकारी से स्तन कैंसर का सफल उपचार संभव है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को कैंसर के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में सीएचसी ऐशबाग के अधीक्षक डॉ. सोमनाथ सिंह, डॉ. रजंना रानी, डॉ. इस्मिता द्विवेदी, अन्य चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों को स्तन कैंसर के प्रमुख लक्षण, जोखिम कारक और समय पर जांच के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कैंसर संस्थान के नर्सिंग विभाग से श्वेता उपाध्याय एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर लोगों को जागरूक करने में सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और समाज में स्तन कैंसर को लेकर जागरूकता बढ़ाना, भय और भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर जांच और उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।