मोहनलालगंज कस्बे में पुलिस का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क पर लगे ठेले-खोमचे हटवाए

लखनऊ। सोमवार को मोहनलालगंज कस्बे में पुलिस ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने कस्बे के मुख्य मार्गों पर अभियान चलाते हुए सड़क पर लगे ठेले और खोमचे हटवाए।

पुलिस ने ठेला-खोमचा संचालकों को नाले के पीछे निर्धारित स्थान पर ही ठेले लगाने की हिदायत दी। साथ ही दुकानदारों से अपील की गई कि वे अपनी दुकानों का सामान नाले के पीछे रखें और दुकानों पर आने वाले ग्राहकों की बाइक सफेद पट्टी के अंदर ही खड़ी कराएं, जिससे यातायात बाधित न हो।

प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्देशों के बावजूद हाइवे किनारे अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ चालान और जुर्माने के साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को गोसाईगंज व कानपुर तिराहे के 50 मीटर के दायरे में वाहन न खड़ा करने के निर्देश दिए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से कस्बे में यातायात व्यवस्था सुचारु हुई और लोगों को जाम से राहत मिली।