लखनऊ। कड़ाके की ठंड के बीच सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा और संवेदना की एक मिसाल देखने को मिली। सोमवार को भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने आशियाना स्थित आवास पर वृहद कंबल वितरण अभियान का आयोजन किया। इस दौरान सभी छह मंडलों के 150 से अधिक पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समाज के प्रबुद्ध नागरिकों को 10 हजार कंबल सौंपे गए, ताकि इन्हें क्षेत्र के जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा ठंड के मौसम में हर वर्ष यह राहत अभियान संचालित किया जाता है। इस वर्ष अब तक उनके द्वारा 25 हजार से अधिक कंबल वितरित किए जा चुके हैं। अभियान की खास बात यह है कि इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ तारा शक्ति केंद्र संचालिकाओं और समाज के जागरूक नागरिकों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है, जिससे यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि उनका संकल्प है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति भी भीषण ठंड में असहाय न रहे। ठंड से राहत पहुंचाना केवल सेवा नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व है।
कंबल वितरण के साथ-साथ विधायक द्वारा पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर जनसमस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान सरेयां, चंद्रावल निवासी मेधावी छात्रा पल्लवी गौतम को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। यह पूरा अभियान सरोजनीनगर में सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
