संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में दुर्लभ सिवेट बिल्ली मिलने से मचा हड़कंप

लखनऊ। संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) में रविवार देर रात एक दुर्लभ प्रजाति की भारतीय सिवेट बिल्ली मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह बिल्ली पल्मोनरी वार्ड बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित वेटिंग हॉल में देखी गई।

बिल्ली की मौजूदगी की सूचना मिलते ही अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा गार्ड ने रात करीब एक बजे कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद अन्य सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। तत्पश्चात रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।

मौके पर पहुंचे रेस्क्यू एक्सपर्ट इरशाद ने बिना किसी नुकसान के सिवेट बिल्ली को सुरक्षित पकड़ा और उसे गौतम खेड़ा जंगल में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान बिल्ली ने किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।

रेस्क्यू करने वाले इरशाद ने बताया कि भारतीय सिवेट बिल्ली एक रात्रिचर स्तनधारी है, जो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है। यह चूहों की संख्या नियंत्रित करने और बीजों के प्रसार में सहायक होती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रजाति को नुकसान पहुंचाना या पकड़ना कानूनी अपराध है।