सरोजनीनगर में सीआरपीएफ अफसर बनकर महिला से 70 हजार की ठगी, पुलिस जांच में जुटी

लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में जालसाजों ने खुद को सीआरपीएफ का अधिकारी बताकर एक महिला से घरेलू सामान बेचने के नाम पर 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन और थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

सरोजनीनगर के हिंद नगर निवासी सुधा श्रीवास्तव के अनुसार, 25 नवंबर 2025 को दोपहर करीब दो बजे एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को बिजनौर स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात अफसर संतोष कुमार बताया। उसने कहा कि उसका ट्रांसफर जम्मू हो गया है, इसलिए वह टीवी, फ्रिज, एसी, इन्वर्टर, वाशिंग मशीन, पलंग, अलमारी और डाइनिंग टेबल समेत घरेलू सामान तुरंत बेचना चाहता है।

आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए व्हाट्सएप पर सामान की तस्वीरें भेजीं और बताया कि भुगतान उसके साथी घनश्याम पांडेय के खाते में करना होगा। इसके लिए एचडीएफसी बैंक खाते का विवरण और क्यूआर कोड भी भेजा गया। जालसाज ने यह भी दावा किया कि सीआरपीएफ बिजनौर कैंप के सरकारी ट्रक से सामान तुरंत पीड़िता के घर पहुंचा दिया जाएगा।

आरोप है कि इन बातों पर विश्वास कर पीड़िता ने अपने पति महेश कुमार श्रीवास्तव के एचडीएफसी बैंक खाते से शाम करीब 4:30 बजे 70 हजार रुपये चेक के माध्यम से घनश्याम पांडेय के खाते में जमा करा दिए। इसके बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर कहा कि सरकारी ट्रक का गेट पास बनवाने के लिए 30,180 रुपये और जमा कराने होंगे, जो बाद में लौटा दिए जाएंगे।

यह खबर भी पढ़े…. जन स्वाभिमान सेवा समिति का 11वां स्थापना दिवस भव्य रूप से संपन्न, सामाजिक न्याय और नशामुक्ति का संकल्प दोहराया गया

जब पीड़िता ने अतिरिक्त रकम देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तब पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने बैंक के टोल फ्री नंबर और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल की सलाह पर सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।