लखनऊ। समाजसेवा और मानवीय मूल्यों को समर्पित अपना पूरा जीवन लगाने वाले वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय सुजीत कुमार पाण्डेय की पंचम पुण्यतिथि पर शनिवार को मोहनलालगंज कस्बे में श्रद्धा और सेवा का संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर कस्बे के आदर्श शिक्षा निकेतन ग्राउंड में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दिव्यांग, वृद्ध और असहाय लोगों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे।
सुबह 10 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में सबसे पहले स्व. सुजीत पाण्डेय को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। इसके पश्चात उनकी स्मृति में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे, वहीं वृद्धजनों और जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए कंबल दिए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य दिवंगत समाजसेवी के सेवा भाव को जीवंत बनाए रखना है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष तथा ट्रस्टी अजय पाण्डेय ‘सत्यम’ ने बताया कि उनके पिता स्व. सुजीत पाण्डेय ने अपने जीवनकाल में हमेशा समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के लिए कार्य किया। उन्होंने कभी प्रचार की परवाह नहीं की, बल्कि निस्वार्थ सेवा को ही अपना धर्म माना।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में समानता, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश देने का एक प्रयास है। आयोजकों के अनुसार, श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, समाजसेवी और गणमान्य लोग शामिल होकर स्व. सुजीत पाण्डेय को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।