आलमबाग बस अड्डे पर अस्थायी रैन बसेरे की शुरुआत, महापौर ने किया उद्घाटन

लखनऊ। कड़ाके की ठंड में यात्रियों और जरूरतमंदों को राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ ने अंतरराज्यीय आलमबाग बस अड्डे पर अस्थायी रैन बसेरे की शुरुआत की है। गुरुवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने विधिवत रूप से इस रैन बसेरे का उद्घाटन किया। इस पहल से न केवल बेघर लोगों को, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुरक्षित ठहराव की सुविधा मिलेगी।

इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि सर्दी के मौसम में रैन बसेरों की व्यवस्था नगर निगम की मानवीय सोच का परिचायक है। इससे बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को ठंड से राहत मिलेगी, वहीं यात्रियों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम लखनऊ को एक संवेदनशील और जनहितकारी शहर के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

शहर में 64 रैन बसेरे संचालित

महापौर ने बताया कि वर्तमान में लखनऊ में 24 स्थायी और 40 अस्थायी रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। जरूरत के अनुसार विभिन्न जोनों में नए अस्थायी रैन बसेरे भी स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और ठहरने की मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यात्रियों को मिलेगा विशेष लाभ

अंतरराज्यीय आलमबाग बस अड्डा लखनऊ का प्रमुख परिवहन केंद्र है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री विभिन्न जिलों और राज्यों के लिए सफर करते हैं। यहां बने अस्थायी रैन बसेरे से दिल्ली, उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, राजस्थान के साथ-साथ कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, गोरखपुर, सीतापुर, लखीमपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, अंबेडकरनगर, बहराइच, गोंडा, महराजगंज और हरदोई जैसे मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों तक पहुंचने में सहयोग करें, ताकि इस सुविधा का अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें।

यह लोग भी रहे शामिल 

उद्घाटन समारोह में प्रदेश संयोजक राष्ट्रीय राकेश कुमार श्रीवास्तव, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष अशोक तिवारी, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता, रमन निगम, पार्षद हिमांशु अंबेडकर, पूर्व पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि गिरीश मिश्रा, आलमबाग बस स्टेशन इंचार्ज सुनीता अवस्थी, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पा श्रीवास्तव, जोन-5 के अधिशासी अभियंता राजीव शर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।