एनपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट: माती और निलमथा फाइनल में, 20 दिसंबर को होगा खिताबी मुकाबला

 लखनऊ। निगोहां के एसएनटी मैदान में चल रहे एनपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के तहत गुरुवार को खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए माती और निलमथा की टीमों ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

पहला सेमीफाइनल मुकाबला कैथी और माती की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर कैथी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 147 रन बनाए। 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी माती की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 15 ओवर 3 गेंद में 150 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला निलमथा और त्रिवेदीगंज वॉरियर्स के बीच खेला गया। निलमथा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दमदार खेल दिखाया और 189 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिवेदीगंज वॉरियर्स की टीम निलमथा की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 10 ओवर 5 गेंद में 89 रन पर सिमट गई। निलमथा ने यह मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीत लिया।

आयोजक शैलेंद्र सिंह दीपू ने बताया कि एनपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 20 दिसंबर को एसएनटी मैदान में खेला जाएगा, जिसमें माती और निलमथा की टीमें आमने-सामने होंगी। उन्होंने कहा कि फाइनल को लेकर क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।