जन्मदिन पार्टी में डीजे पर नाचने को लेकर विवाद, युवक व उसके दोस्त से मारपीट

लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हुलासखेड़ा निवासी राज त्रिवेदी ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि बीते रविवार की रात वह अपने दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होने कुशलीखेड़ा गया था।

पीड़ित के अनुसार, डीजे पर नाचने के दौरान उसका विवाद आर्यन यादव से हो गया। आरोप है कि पहले गाली-गलौज करते हुए उसे धक्का दिया गया और विरोध करने पर आर्यन यादव ने अपने साथियों अनीत, विनीत उर्फ गोलू समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आए दोस्त दीपक यादव को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा।

 

आरोप है कि आर्यन यादव ने पिस्टल की बट से राज त्रिवेदी के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, वहीं उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। घायल अवस्था में पीड़ित किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचा सका। अगले दिन सोमवार को वह अपने दोस्त के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना से अवगत कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।