लखनऊ | पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर-7 में शुक्रवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दोनों लोडर के नीचे फंस गए और करीब 10 फीट तक घसीटते चले गए। हादसे के बाद घबराया चालक मौके से भागने लगा, लेकिन विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उसे भी टक्कर मार दी।सूचना मिलते ही पीजीआई कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां सभी का उपचार जारी है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार अनिल शर्मा, निवासी खरिका (तैलीबाग पुलिस चौकी क्षेत्र), शक्ति भवन में कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम लगभग 6:30 बजे वह पत्नी सरिता शर्मा के साथ बाइक से वृंदावन योजना की ओर जा रहे थे।
जब उनकी बाइक वृंदावन योजना सेक्टर-7, चिरैयाबाग शहीद पथ पुल के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार डाला/लोडर चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दंपत्ति वाहन के नीचे फंस गए और कई फीट तक घिसटते चले गए।

घायलों की हालत
सरिता शर्मा के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है|अनिल शर्मा के सिर में गंभीर चोट आई है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।अनिल शर्मा की 22 वर्षीय बेटी आँचल बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है।
भागने की कोशिश कर रहा लोडर चालक मनीष, निवासी खुरदही, भी एक अन्य अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। उसके सिर में गंभीर चोट है, हालांकि वह होश में है।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। घायल दंपत्ति और आरोपी चालक तीनों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा हैं|