लखनऊ। इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शनिवार को यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के दूसरे दिन लखनऊ फाल्कन्स और गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला खेला गया। मुकाबले का आगाज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पारंपरिक बेल रिंगिंग सेरेमनी के साथ किया। इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच है यूपी टी-20 लीग
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी टी-20 लीग प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा साबित करने का शानदार मंच दे रही है। उन्होंने कहा कि लीग के जरिए युवा खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटरों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिल रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश सरकार और खेल संस्थाएं लगातार क्रिकेट समेत अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यूपी टी-20 लीग से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

छोटे शहरों और कस्बों की प्रतिभाओं पर नजर
यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य सिर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाना भी है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ के साथ-साथ प्रदेश के छोटे शहरों और ग्रामीण कस्बों में भी क्रिकेट की प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच और बेहतर अवसर देने की है। लीग इसी दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, ताकि स्थानीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगे बढ़कर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
डॉ. संजय कपूर ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी को खिलाड़ियों के लिए उत्साहवर्धक बताते हुए कहा कि उनका प्रोत्साहन युवा क्रिकेटरों में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
इकाना में दिखा क्रिकेट का रोमांच
यूपी टी-20 लीग के सीजन-4 में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मेल क्रिकेट प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लखनऊ फाल्कन्स और गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबले के दौरान इकाना स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। लीग के जरिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से उभर रहे खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिल रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश के क्रिकेट को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
