लखनऊ। सर्वांगीण विकास पब्लिक कॉलेज, तेलीबाग में रविवार को भव्य वार्षिक फेस्ट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों, नृत्य, गीत, नाटक और कविताओं के माध्यम से उत्साहपूर्ण प्रदर्शन किया, तो अभिभावकों ने ताली बजाकर उनका मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद के.एन. सिंह व विशिष्ट अतिथि समाजसेविका रीना त्रिपाठी रही। कॉलेज प्रांगण में आयोजित समारोह का शुभारंभ डायरेक्टर सेवक राम कनौजिया, अतिथियों और शिक्षकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर देवी सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया।फेस्ट की विशेषता बच्चों द्वारा प्रस्तुत मोबाइल की लत से दूर रहने और नैतिक मूल्यों को अपनाने जैसे विषयों पर आधारित संदेशात्मक नाटकों और प्रस्तुतियों की रही, जिसने अभिभावकों को गहराई से प्रभावित किया।मुख्य अतिथि के.एन. सिंह ने विद्यालय की प्रशंसा करते हुए कहा कि सर्वांगीण विकास पब्लिक कॉलेज हमेशा छात्रों के पर्यावरण संरक्षण, नैतिक शिक्षा और मानसिक विकास के लिए समर्पित रहा है। आने वाले समय में भी विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देता रहेगा।विशिष्ट अतिथि रीना त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय अपने नाम के अनुरूप छात्रों के हॉलिस्टिक डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देता है। यहां बच्चों के शरीर, मन, भावनाओं, नैतिकता, सामाजिक व्यवहार और रचनात्मकता सभी पहलुओं का संतुलित विकास किया जाता है, इसलिए अभिभावक अपने बच्चों के उज्जवल भविष्य के प्रति निश्चिंत रहें।विद्यालय के मैनेजर विवेक कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

साथ ही लकी ड्रॉ के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार लैपटॉप, द्वितीय पुरस्कार स्मार्ट टीवी सहित कई आकर्षक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।फेस्ट के दौरान बच्चों ने झूलों, गेम्स व उनके द्वारा लगाए गए इंस्टॉलों का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम के समापन पर प्रिंसिपल उषा मशीह ने मंच पर प्रस्तुति देने वाले सभी बच्चों और उन्हें प्रशिक्षित करने वाले शिक्षकों को बधाई दी तथा उपस्थित अभिभावकों व अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।