रक्षाबंधन पर योगी सरकार का तोहफा: बहनें करेंगी मुफ्त सफर, साथ में एक सहयात्री का भी नहीं लगेगा किराया

लखनऊ। रक्षाबंधन पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने जाने वाली बहनों के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात का ऐलान किया है। प्रदेश की नगरीय बसों में महिलाओं के साथ उनके एक सहयात्री को भी निःशुल्क सफर की सुविधा मिलेगी। यानी राखी के त्योहार पर महिलाओं को यात्रा खर्च की चिंता किए बिना मायके और अपने भाइयों तक पहुंचना आसान होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नगरीय विकास विभाग के अंतर्गत संचालित नगरीय परिवहन की बसों में यह सुविधा 27 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान यात्रा करने वाली महिला और उनके साथ सफर करने वाले एक सहयात्री से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।

सरकार के निर्णय से रक्षाबंधन पर यात्रा करने वाली महिलाओं को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। खासकर अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए मायके जाने वाली बहनों को आने-जाने के खर्च से राहत मिलेगी। सुविधा की अवधि तीन दिन रखे जाने से रक्षाबंधन से पहले और बाद में यात्रा करने वाली महिलाओं को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

नगरीय परिवहन विभाग के तहत संचालित बसों में निर्धारित अवधि के दौरान महिलाओं और उनके एक सहयात्री को निःशुल्क यात्रा कराई जाएगी। शासन का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं को आवागमन में आर्थिक परेशानी से राहत देना और उन्हें सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं की सुविधा, सम्मान और सुरक्षित आवागमन को लेकर लगातार कदम उठा रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर मुफ्त बस यात्रा की यह पहल भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।