लखनऊ। थाना मोहनलालगंज में शनिवार रात को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मोहनलालगंज विकास कुमार पांडेय की अध्यक्षता में विवेचकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित मामलों की प्रगति, गंभीर अपराधों की जांच और कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसीपी ने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर प्रकृति के अपराधों में जांच की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए तथा अभियुक्तों की समयबद्ध गिरफ्तारी पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक के दौरान महिला सुरक्षा मिशन शक्ति, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, साइबर अपराध की रोकथाम तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित अभियानों की भी समीक्षा की गई। एसीपी ने पीड़ितों से नियमित संपर्क बनाए रखने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर “क्रिटिकल कॉरिडोर” की प्रभावी निगरानी और प्रबंधन को लेकर विशेष चर्चा की गई। एसीपी ने संवेदनशील मार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग, ट्रैफिक नियंत्रण और आवश्यकता अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा।
बैठक के अंत में एसीपी ने सभी विवेचकों को अपने कार्य में पारदर्शिता, गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
One thought on “मोहनलालगंज थाने में विवेचकों की समीक्षा बैठक, एसीपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश”
Comments are closed.