ऑटो में धक्का-मुक्की कर महिलाओं के उड़ाते थे जेवर, 3 गिरफ्तार

लखनऊ।  कृष्णानगर थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की सरगना समेत तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये की ज्वैलरी, 12 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बोलेरो गाड़ी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 20 और 22 मई को कृष्णानगर इलाके में ऑटो में महिलाओं के साथ टप्पेबाजी की तीन घटनाएं सामने आई थीं। पीड़ित महिलाओं ने सोने की चेन और मंगलसूत्र का लॉकेट चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इन लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी के निर्देश पर चार टीमें गठित की गई थीं।
करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को डूडा कॉलोनी, आशाराम बापू मार्ग से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिंदु उर्फ चिंकी (सरगना), गीता देवी और नरसिंह के रूप में हुई है। ये तीनों मूल रूप से गोरखपुर जिले के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह भीड़भाड़ वाले चौराहों और मेट्रो स्टेशन के आसपास महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बोलेरो से आते थे और पहले रेकी करते थे। जैसे ही कोई महिला ऑटो या टेंपो में बैठती, गिरोह की महिलाएं उसी वाहन में चढ़कर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल बना देती थीं। इसी दौरान दूसरे सदस्य बड़ी सफाई से सोने की चेन, मंगलसूत्र या पर्स चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। वे महानगरों में किराए के कमरों या झुग्गियों में रहकर वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह की सरगना बिंदु उर्फ चिंकी के खिलाफ कानपुर, कुशीनगर और लखनऊ समेत कई जिलों में लूट और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी कृष्णानगर थाने में दर्ज मामलों में कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया हैं।