सड़क पर जरा सी लापरवाही पड़ सकती है भारी! लखनऊ में ATS सेंटर ने चलाया जागरूकता अभियान

लखनऊ । राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत बुधवार को एटीएस सेंटर बख्शी तालाब में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सड़क सुरक्षा माह के 20वें दिन आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वाहन चालक और मोटर वाहन मालिक शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एटीएस सेंटर के मैनेजर वरुण शर्मा ने कहा कि भारत में करीब 94 प्रतिशत लोग यातायात नियमों से पूरी तरह परिचित नहीं हैं, जबकि कई लोग जानकारी होने के बावजूद नियमों की अनदेखी करते हैं। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण लापरवाही, ओवरस्पीडिंगऔर नियमों का पालन न करना है।

जागरूकता सत्र के दौरान चालकों को वाहन की समय-समय पर फिटनेस जांच कराने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

इस मौके पर अनूप मौर्य, विवेक सिंह, आदित्य सिंह एवं अविनाश मेहता ने भी सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम के अंत में सभी चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प दिलाया गया। आयोजकों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।