लखनऊ में अवैध डेरियों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 42 पशु जब्त

लखनऊ।  नगर निगम ने शनिवार को ठाकुरगंज और पारा थाना क्षेत्र में अवैध डेरियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में  27 भैंस, 14 गाय और 1 पड़िया जब्त की गईं। सभी पशुओं को ठाकुरगंज, ऐशबाग और आलमबाग स्थित कांजी हाउस में निरुद्ध किया गया है। इन्हें निर्धारित जुर्माना जमा करने के बाद ही छोड़ा जाएगा।

अभियान में ठाकुरगंज क्षेत्र के भूहर और दुबग्गा बाईपास रोड स्थित अवैध डेरियों और पारा थाना क्षेत्र के पिंक सिटी कॉलोनी में कार्रवाई की गई।

IGRS और स्थानीय शिकायतों पर एक्शन

यह कार्रवाई IGRS पोर्टल और स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के आधार पर की गई थी। शिकायतों में डेरी संचालकों द्वारा गोबर को खुले प्लॉटों में फेंकने तथा नालियों में बहाने से फैल रही गंदगी, जलभराव और मच्छरजनित रोगों की आशंका की बात सामने आई थी।

शहर में भैंस पालन प्रतिबंधित

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नगर निगम अधिनियम 1959 के तहत शहरी सीमा में भैंस पालन पूर्णतः प्रतिबंधित है। भैंस को अपदूषण कारक पशु की श्रेणी में रखा गया है। वहीं केवल दो गायों को ही वैध लाइसेंस के साथ पालने की अनुमति है।

संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

अभियान में पुलिस बल, प्रवर्तन दल और पशु कल्याण विभाग की संयुक्त भागीदारी रही। कार्रवाई में डॉ. अभिनव वर्मा के साथ शिवेक, अभिनव, रामकुमार, फुरकान और अवधेश शामिल रहे।

कड़ी चेतावनी जारी

नगर निगम ने चेतावनी दी कि शहर के बीचोंबीच अवैध डेरियों को किसी भी हाल में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। गोबर निस्तारण में लापरवाही और अपदूषण फैलाने पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और रोगमुक्त बनाया जा सके।