लखनऊ। प्रयागराज में आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह–2026’ में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए युवाओं को देश और प्रदेश का भविष्य बताया। कार्यक्रम का आयोजन संस्कृति आईएएस कोचिंग संस्थान द्वारा किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग 2024 में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में चयन केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का अवसर है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने तीर्थराज प्रयाग की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम की भूमि है, जो ज्ञान और साधना की प्रेरणा देती है। प्रयागराज को प्रतियोगी छात्रों का प्रमुख केंद्र बताते हुए उन्होंने यहां के छात्रों के संघर्ष और सफलता की सराहना की।
उपमुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य दोहराते हुए कहा कि युवा इसमें अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित कर रही है, जिससे योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक अखिल मूर्ति ने छात्रों की सफलता में संस्थान की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षकगण और कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
संस्कृति आईएएस द्वारा ‘फंडामेंटल कोर्स’ की शुरुआत भी की गई, जिसे मात्र ₹1 की टोकन राशि पर छात्रों के लिए उपलब्ध कराया गया है। इस पहल की सराहना करते हुए उपमुख्यमंत्री ने इसे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए लाभकारी बताया। इस अवसर पर सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, दीपक पटेल, राजेश शुक्ल , निर्मला पासवान सहित जनप्रतिनिधिगण व अन्य गणमान्य उपस्थिति रहे।