लखनऊ। स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा के उद्देश्य से मनोहर सेवा संस्थान, राजाजीपुरम और डॉ. त्रिपाठी आयुर्वेद निदानशाला एवं पंचकर्म सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को कल्ली पश्चिम (काली माता मंदिर के निकट) निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया और उपचार का लाभ उठाया।
शिविर में गठिया, अर्थराइटिस, सियाटिका, लकवा, घुटनों का दर्द, कमर दर्द, स्लिप डिस्क, सोरायसिस, एक्जिमा, पुरानी खांसी, दमा, पेचिश, कोलाइटिस, लीवर रोग, पीलिया, बवासीर, भगंदर, थायराइड, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, माइग्रेन, मोटापा, पथरी, किडनी रोग सहित महिलाओं से संबंधित समस्याएं जैसे पीसीओएस, बांझपन, हार्मोनल विकार आदि जटिल एवं पुरानी बीमारियों की जांच व उपचार किया गया।

शिविर में डॉ. शिव शंकर त्रिपाठी ‘राजवैद्य’ (एम.डी. आयुर्वेद), पूर्व प्रभारी चिकित्साधिकारी (आयुर्वेद) गवर्नर हाउस, डॉ. दीपांजली त्रिपाठी (बी.यू.एम.एस., सी.एम.पी.एच.) तथा स्त्री रोग एवं जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. पातंजलि द्विवेदी (एम.डी. आयु.) ने मरीजों की विस्तृत जांच कर आवश्यक आयुर्वेदिक दवाएं वितरित कीं।
इस अवसर पर बी.एम.डी. (हड्डियों की जांच) और शुगर की जांच निःशुल्क की गई। विशेषज्ञों ने मरीजों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार लेने और नियमित दिनचर्या बनाए रखने की सलाह दी, जिससे दीर्घकालिक रोगों से बचाव संभव हो सके।

शिविर के सफल आयोजन में वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज द्विवेदी, राजू दीक्षित, सुशील मिश्रा, अनिल द्विवेदी, विनीत, राहुल शर्मा, सत्य नारायण रावत, अभिलाष श्रीवास्तव, चंद्र भान सिंह, राम खेलावन, एडवोकेट अतुल अवस्थी सहित कई लोगों का सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनहित में ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।