लखनऊ। गोसाईगंज थाना क्षेत्र में बीते रविवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रहे युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात लगभग 10:30 बजे लखनऊ–सुल्तानपुर मार्ग स्थित सक्षम डायग्नोस्टिक के सामने हुई। यहाँ अज्ञात चारपहिया वाहन की तेज रफ्तार टक्कर से भोला का पुरवा निवासी नीरज कुमार (36 वर्ष) पुत्र स्व. भारत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुँची और नीरज को सीएचसी गोसाईगंज ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीएचसी से प्राप्त सूचना के आधार पर पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस, लखनऊ भेज दिया है।
पुलिस अज्ञात वाहन व उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। मृतक हादसे के समय पैदल ही था।