मोहनलालगंज, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से लखनऊ के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव को प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव के पद पर नियुक्त किया है।
शुक्रवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपते हुए बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि अशोक यादव की नियुक्ति का उद्देश्य वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करना तथा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को सक्रिय रूप से जोड़ना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि अशोक यादव अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभाते हुए पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
अशोक यादव की नियुक्ति से लखनऊ जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश सचिव अमरपाल सिंह और वीर बहादुर सिंह सहित अन्य नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
वहीं, अशोक यादव ने नियुक्ति के बाद पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर लखनऊ जिलाध्यक्ष जय सिंह जयंत, जिला महासचिव शब्बीर अहमद खान समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी खुशी जताई और इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया।