लखनऊ। श्री राजपूत करणी सेना ने प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए समाजसेवी एवं भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ लखनऊ महानगर के संयोजक अरुण प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ‘दीपू’ ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपकर जिम्मेदारी सौंपी।
अमेठी जनपद की गौरीगंज विधानसभा से संबंध रखने वाले अरुण प्रताप सिंह लंबे समय से लखनऊ में सक्रिय हैं। राजनीति के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में निरंतर भूमिका निभाते हुए उन्होंने मां गायत्री जन सेवा संस्थान के अध्यक्ष के रूप में प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विविध दायित्वों के दौरान उनके समर्पण, लोकप्रियता और समाज में मजबूत पकड़ को देखते हुए संगठन ने उन्हें पदोन्नत कर प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा।

नियुक्ति की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में उत्साह का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पहुंचकर बधाई देते रहे। समर्थकों ने इसे समाजसेवा और संगठनात्मक निष्ठा का सम्मान बताया।
नए दायित्व पर आभार व्यक्त करते हुए अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि वे श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और समाज के हितों की रक्षा के लिए वे हर स्तर पर सक्रिय रहेंगे।
यह जानकारी उनके निजी प्रतिनिधि ब्रह्म शंकर सिंह ने दी।