मोहनलालगंज में पंचायत सचिवों का विरोध तेज, 28 सचिवों ने डीएससी-डोंगल किए जमा

लखनऊ। विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत सचिवों का शांतिपूर्ण आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। लंबे समय से मांगें पूरी न होने से नाराज मोहनलालगंज क्षेत्र के 28 पंचायत सचिवों ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपने-अपने डीएससी (डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट) डोंगल सामूहिक रूप से जमा कर दिए।

पंचायत सचिवों का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के साथ-साथ मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों का लगातार दबाव डाला जा रहा है, जिससे नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सचिवों के अनुसार, पूर्व में कई बार ज्ञापन सौंपने और सांकेतिक सत्याग्रह आंदोलन करने के बावजूद अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सोमवार को कुल 28 पंचायत सचिवों ने डीएससी-डोंगल जमा करते हुए स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान नहीं किया जाता, तब तक डोंगल वापस नहीं लिए जाएंगे।

मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन पंचायत सचिवों के इस कदम से पंचायत स्तर के विकास कार्यों और ऑनलाइन प्रक्रियाओं के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है।