पंडित खेड़ा में एसीपी कृष्णा नगर की चौपाल, नागरिकों को सुरक्षा और साइबर जागरूकता के दिए संदेश

लखनऊ।  कृष्णा नगर क्षेत्र के पंडित खेड़ा में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश वर्मा द्वारा जनचौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से क्षेत्रीय लोगों से सीधे संवाद करते हुए सुरक्षा, कानून व्यवस्था, साइबर अपराध से बचाव और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अहम विषयों पर जानकारी साझा की गई।

एसीपी रजनीश वर्मा ने नागरिकों से अपने घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिलती है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना आसान होता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि बिना सत्यापन किसी भी खबर को साझा न करें।

चौपाल के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को लेकर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। एसीपी ने भरोसा दिलाया कि थाना समाधान दिवस में आने वाले भूमि विवाद से संबंधित मामलों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण किया जाएगा।

 

यह भी पढ़े….मोहनलालगंज थाने में विवेचकों की समीक्षा बैठक, एसीपी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

एसीपी ने नागरिकों से अपील की कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से इस तरह की चौपालें निरंतर आयोजित की जा रही हैं।चौपाल में कृष्णा नगर थाना प्रभारी पीके सिंह सहित पुलिस स्टाफ और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।