लखनऊ। लखनऊ के निगोहां स्थित एसएनटी ग्राउंड पर चल रहे निगोहां प्रीमियम लीग (एनपीएल) सीजन-2 में दूसरे दिन दर्शकों को दो रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। शुक्रवार को खेले गए लीग मैचों में उतरावा और निलमथा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।
दिन का पहला मुकाबला उतरावा और सुदौली की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सुदौली ने पहले गेंदबाजी चुनी। बल्लेबाजी करते हुए उतरावा की टीम ने 15 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 152 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में सुदौली की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए उतरावा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 12 ओवरों में 79 रन पर ढेर हो गई। इस तरह उतरावा ने मुकाबला एकतरफा अंदाज में जीत लिया।
दूसरा लीग मैच बीकेटी बाबा बारूदी और निलमथा के बीच खेला गया। निलमथा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवरों में 167 रन का मजबूत लक्ष्य निर्धारित किया। जवाब में बाबा बारूदी की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन 13 ओवरों में 146 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। निलमथा ने यह मुकाबला जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पर मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए। एनपीएल सीजन-2 में लगातार रोमांचक मुकाबलों से टूर्नामेंट का माहौल और भी उत्साहपूर्ण होता जा रहा है।