लोडर की टक्कर से घायल शक्ति भवन कर्मचारी की इलाज के दौरान मौत, पत्नी गंभीर

लखनऊ । पीजीआई कोतवाली क्षेत्र के वृंदावन योजना सेक्टर-7 में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल शक्ति भवन के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल शर्मा (45) के रूप में हुई है, जिनका एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे अनिल शर्मा अपनी पत्नी सरिता शर्मा के साथ बाइक से वृंदावन योजना की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे शहीद पथ पुल स्थित चिरैयाबाग के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित लोडर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक लोडर के नीचे फंस गई और दंपत्ति करीब 10 मीटर तक घिसटते चले गए।

मृतक अनिल शर्मा की फाइल फोटो
(मृतक अनिल शर्मा की फाइल फोटो)

हादसे में अनिल शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी सरिता शर्मा के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस दुर्घटना में लोडर चालक मनीष भी घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है। मृतक अनिल शर्मा मूल रूप से तेलीबाग के खरिका इलाके के रहने वाले थे और शक्ति भवन में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। परिवार में उनकी एक बेटी आंचल (22) है, जो बाहर रहकर पढ़ाई कर रही है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीजीआई कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।