18वें साई स्थापना दिवस पर भव्य पालकी यात्रा और भजन संध्या का आयोजन

लखनऊ। तेलीबाग के नेपालगंज क्षेत्र में गुरुवार को 18वें साई स्थापना दिवस पर भक्तिभाव का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। “साईं तेरे हजारों हाथ…” जैसे भजनों की मधुर गूंज और जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। सुबह से ही भक्तों की भीड़ नागेश्वर मंदिर, तेलीबाग में उमड़ पड़ी और पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ।

भव्य पालकी यात्रा निकली, पूरे मार्ग में हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

नागेश्वर मंदिर से साईं बाबा की भव्य पालकी यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। पालकी यात्रा नेपालगंज, तेलीबाग बाजार, गांधी नगर, शनिदेव मंदिर चौराहा होते हुए पुनः नागेश्वर मंदिर पहुंची। मार्गभर भक्तों ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए और पुष्पवर्षा कर बाबा की पालकी का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

शाम हुई भजन संध्या के नाम — कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समा

शाम को  नागेश्वर मंदिर प्रांगण में विशेष भजन संध्या का आयोजन हुआ। श्री सत्य साईं म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भावपूर्ण और मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया। श्रद्धालु तालियों, जयकारों और भजन की धुनों पर मंत्रमुग्ध होते रहे।

शुक्रवार को होगा विशाल भंडारा

आयोजन समिति की सदस्य नीतू सिंह ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी 12 दिसंबर, शुक्रवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। भंडारा दोपहर 1 बजे से शुरू होकर साईं बाबा की इच्छा तक चलता रहेगा। समिति ने सभी भक्तों से अधिक संख्या में पहुंचकर बाबा की कृपा प्राप्त करने की अपील की है।