जमीन विवाद में युवक की हत्या: पांच आरोपी गिरफ्तार, शव उन्नाव में जलाया गया

लखनऊ। निगोहां पुलिस ने जमीन के विवाद में युवक की हत्या कर उसके शव को जलाने के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को बातचीत के बहाने बुलाया और मौके पर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को उन्नाव जिले के बीघापुर क्षेत्र में ले जाकर जला दिया था। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

एडीसीपी साउथ रालापल्ली वसंथ कुमार  के अनुसार, निगोहां के दखिना शेखपुर निवासी कबीर उर्फ शिव प्रकाश (42) का अधजला शव बीघापुर थाना क्षेत्र में मिला था। फोटो के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी और पूरे मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

 

19 नवंबर को सुरेंद्र कुमार ने निगोहां थाने में मित्र कबीर के 16 नवंबर से लापता होने की सूचना दी थी। गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने आसपास के जिलों में तलाश शुरू की। इसी बीच उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र में अधजले अज्ञात शव मिलने की सूचना आई। फोटो देखने पर परिजनों ने शव को कबीर का बताया।

जांच में सामने आया कि कबीर की मां स्व. सत्यवती के नाम रायबरेली-लखनऊ राजमार्ग किनारे लगभग 44 बिस्वा जमीन थी। इसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। कबीर के बड़े भाई शिव सहाय गौतम ने मां की पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर 2019 में सुजीत कुमार श्रीवास्तव और आशीष यादव के जरिए जमीन सतगुरु के नाम रजिस्टर्ड करा दी थी। बाद में दोनों ने सतगुरु से एग्रीमेंट कराकर वही जमीन यथार्थ प्रॉपर्टी के श्रवण कुमार को बेच दी।

जमीन के इस पूरे विवाद को लेकर कबीर ने अदालत में मुकदमा दायर कर रखा था और उसकी पैरवी स्वयं कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश को लेकर उसकी हत्या की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की फोटो

खबर अपडेट की जा रही है….