लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2025) में बूथ लेवल ऑफिसर वंदना शुक्ला ने निर्धारित समय सीमा से पहले सारा कार्य पूरा कर क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। चांद सराय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के रूप में तैनात वंदना शुक्ला को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोहनलालगंज के उप जिलाधिकारी पवन कुमार पटेल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
वंदना शुक्ला को कुल 1050 फॉर्म का दायित्व सौंपा गया था। उन्होंने घर-घर जाकर मतदाता गणना प्रपत्र वितरित किए और निर्धारित समय के भीतर सभी प्रपत्रों को सटीकता के साथ एकत्र कर सुपरवाइजर को सौंप दिया। पूरी प्रक्रिया में उनकी कार्यशैली में तेजी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी साफ झलकी।
सम्मान समारोह में एसडीएम पवन कुमार पटेल ने कहा कि“वंदना शुक्ला जैसी कर्मठ और ईमानदार बीएलओ लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती की असली आधारशिला हैं। उनका समर्पण अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणा है।”
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी कहा कि वंदना शुक्ला जैसे कर्मचारियों की वजह से मतदाता सूची का कार्य न सिर्फ समय पर बल्कि सटीक व विश्वसनीय तरीके से पूरा हो पाता है। पुनरीक्षण अभियान में उनकी सक्रिय भूमिका ने इलाके की चुनावी तैयारियों को और मजबूत किया है।
चांद सराय क्षेत्र में अब मतदाता सूची अद्यतन कार्य सुचारू रूप से पूरा हो चुका है, जिसमें वंदना शुक्ला का योगदान सबसे अहम माना जा रहा है।