फाइनेंस कंपनी कार ले गई, युवक ने गढ़ दी लूट की कहानी; सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने किया गिरफ्तार

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने 23 हजार रुपये और कार लूटे जाने की झूठी सूचना देने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय विमल सिंह, निवासी कानपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस को गुमराह करने के आरोप में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 217 सहित कई धाराओं में कार्रवाई की गई है।

मामला 5 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे सामने आया, जब कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एचसीएल के पास एक युवक से हुंडई वेन्यू (MH 47 AY 3773) कार और 23,000 रुपये नकद लूट लिए गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि आरोपी की कार फाइनेंस पर थी। विमल सिंह गोंडा से बाराबंकी आते समय अयोध्या-लखनऊ रोड पर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने किस्त न जमा होने पर कार अपने कब्जे में ले ली थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विमल के साथी ने पहले बाराबंकी में डायल-112 पर 40,000 रुपये और कार लूटे जाने की झूठी सूचना दी थी। बाराबंकी पुलिस ने जांच में कार को फाइनेंस कंपनी द्वारा ले जाए जाने की पुष्टि की थी और संबंधित लोगों को थाने बुलाया था, लेकिन वे वहां न जाकर लखनऊ पहुँचकर दोबारा लूट की फर्जी कहानी गढ़ बैठे।

जांच के बाद सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने स्पष्ट किया कि लूट की कोई घटना घटी ही नहीं थी और आरोपी ने जानबूझकर पुलिस को गुमराह किया। इस झूठी सूचना से क्षेत्र में अनावश्यक अफरातफरी फैल गई थी।