लखनऊ। निगोहां कस्बे में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। बस स्टैंड के पास एक अनियंत्रित बोलेरो ने बिक्रम टैक्सी को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि टैक्सी पलटकर सड़क पर जा गिरी। हादसे में टैक्सी चालक पुत्तन तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तत्काल उन्हें सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दखिना गांव निवासी पुत्तन तिवारी (45) रोज की तरह सुबह अपनी बिक्रम टैक्सी लेकर निगोहां कस्बे पहुंचे थे और बस स्टैंड के पास सवारियों का इंतजार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रायबरेली की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हुई और सीधे टैक्सी में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि टैक्सी पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पुत्तन उसके नीचे फंस गए।

सूचना मिलते ही निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान बचाई नहीं जा सकी। पुलिस ने बोलेरो व उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी लक्ष्मी तिवारी और उनकी चार बेटियां बेसुध हालत में रोती बिलखती रहीं। परिवार का अकेला कमाने वाला सहारा खत्म होने से माहौल गमगीन है।
घटना से जुड़ी मौके की तस्वीरें देखे…
