बंथरा पुलिस ने जनसंपर्क चौपाल का आयोजन किया,महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर दी जानकारी

लखनऊ। बंथरा पुलिस ने बुधवार को बंथरा कस्बे में सहायक पुलिस आयुक्त (कृष्णानगर) रजनीश वर्मा की अध्यक्षता में एक जनसंपर्क चौपाल का आयोजन किया।

इस चौपाल में एसीपी वर्मा ने  मिशन शक्ति अभियान और महिला सुरक्षा पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के लिए 1090, 112, 1098 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग, असुरक्षित परिस्थितियों में क्या करें और पुलिस सहायता कैसे प्राप्त करें, इस पर जागरूक किया।

साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर देते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, बैंक ओटीपी स्कैम और सोशल मीडिया हैकिंग से बचने के उपाय बताए गए। एसीपी ने किसी भी साइबर अपराध की तुरंत 1930 या cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करने की सलाह दी।

चौपाल में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने पर भी चर्चा हुई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसी गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसीपी वर्मा ने सड़क दुर्घटना के समय सूचना एवं सहायता संबंधी कानूनी अधिकारों पर भी लोगों को जागरूक किया और बताया कि घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को गुड सेमेरिटन लॉ के तहत सुरक्षा प्रदान की जाती है।

इसके अतिरिक्त, मोबाइल चोरी या गुम होने पर सीईआईआर पोर्टल की उपयोगिता समझाई गई और आईईएमआई ब्लॉक/अनब्लॉक की प्रक्रिया बताई गई, जिससे मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सके। यातायात नियमों जैसे हेलमेट, सीटबेल्ट, स्पीड कंट्रोल और नाबालिग चालकों पर रोक के पालन पर भी जोर दिया गया।

मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी तनावपूर्ण स्थिति या अफवाह की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। अंत में, जनता-पुलिस संवाद को मजबूत करने पर बल दिया गया और नागरिकों को स्थानीय समस्याओं व संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत जानकारी साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कई स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएँ अधिकारियों के सामने रखीं। इस अवसर पर बंथरा प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।