विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया,पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

 

लखनऊ ।  सरोजजनी नगर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और घर से बेदखल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अवध बिहार कॉलोनी निवासी आसिया का विवाह 1 जनवरी 2023 को हुसैनाबाद निवासी मोहम्मद सलमान से मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। आसिया के मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था।

आसिया का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति मोहम्मद सलमान, ससुर अब्दुल मोईद, सास मेराज जहां, ननद फलक नाज, जेठ मोहसिन सिद्दीकी और जेठानी शैला सिद्दीकी ने दहेज कम मिलने की बात कहकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया।

 

पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष उससे दहेज में चारपहिया वाहन और लखनऊ में एक मकान की मांग कर रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज की गई, उसे कमरे में बंद रखा गया और भूखा भी रखा गया। विवाह में मिले गहने और अन्य सामान भी छीन लिए गए।

आसिया ने बताया कि गर्भवती होने के दौरान भी ससुरालवालों ने उसकी देखभाल नहीं की और उसे जबरन मायके भेज दिया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया। बाद में उसने न्यायालय का सहारा लिया, जिसके बाद समझौते के तहत उसे दोबारा ससुराल लाया गया। हालांकि, उत्पीड़न कम होने के बजाय और बढ़ गया।

आरोप है कि 24 फरवरी 2025 को अतिरिक्त दहेज न लाने पर पति और अन्य परिजनों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। सरोजनी नगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।