लखनऊ । सरोजिनी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, शांति नगर में क्रिएटिव स्कूल के पीछे स्थित एक मकान में दिव्यांशु राज और उसके छोटे भाई अर्पित राज किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे। दोनों मूल रूप से लालपुर बाजार, थाना लहरपुर, जिला सीतापुर के रहने वाले हैं और पिछले 8–10 वर्षों से यहां रहकर पढ़ाई कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे दिव्यांशु राज (19) ने कमरे में पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। बाद में परिजन और अन्य लोगों ने उसे तुरंत उपचार के लिए सीएचसी सरोजिनी नगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय भाई बाथरूम में नहाने गया था। मृतक bsc की पढ़ाई कर रहा था।
घटना की सूचना पर पहुंची थाना सरोजिनी नगर पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की। मृतक का पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।