लखनऊ। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस पर 93वीं वाहिनी मुख्यालय, सेक्टर-के, आशियाना में सोमवार को देशभक्ति, उत्साह और गरिमा के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने बल की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्वार्टर गार्ड में हुई, जहां 93वीं वाहिनी के कमांडेंट अनूप कुमार साहू ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर सलामी दी। इसके बाद आयोजित सैनिक सम्मेलन में उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीआरपीएफ के गौरवशाली इतिहास, वीरता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण की भावना को सदैव बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही जवानों के कल्याण, आपसी समन्वय, उच्च मनोबल और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति पर विशेष जोर दिया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सायंकाल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का आयोजन हुआ, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे और एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर सभी कार्मिकों ने सीआरपीएफ की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र की सुरक्षा, शांति और सेवा के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति, अनुशासन और बल के प्रति समर्पण का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।