लखनऊ। मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव ने जोन-1 क्षेत्र के प्रमुख नालों, पुलियाओं और बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नाला सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सफाई कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सभी बाढ़ नियंत्रण उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
बालू अड्डा से आने वाले नाले की सफाई का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने सबसे पहले बैरल नंबर-20 के पास बालू अड्डा से आने वाले नाले का निरीक्षण किया। मौके पर छह सफाई कर्मी कार्यरत पाए गए। उन्होंने सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
मार्टिनपुरवा नाला व पुलिया का किया निरीक्षण
इससके उपरांत उन्होंने विक्रमादित्य मार्ग स्थित मार्टिनपुरवा नाला एवं पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने नाले और पुलिया की सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु से पूर्व सभी अवरोधों को हटाकर जल प्रवाह को निर्बाध बनाया जाए।

गोल्फ क्लब एवं लोरेटो स्कूल के पास नालों की स्थिति देखी
निरीक्षण के क्रम में अपर नगर आयुक्त ने बैरल नंबर-24 स्थित गोल्फ क्लब के पास नाले तथा लोरेटो स्कूल के समीप स्थित नाले का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि नालों से निकाली गई सिल्ट का समयबद्ध उठान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या न उत्पन्न हो।
गोमती नगर और बटलर पैलेस स्थित बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का भी किया निरीक्षण
मानसून की तैयारियों की समीक्षा के क्रम में अपर नगर आयुक्त ने गोमती नगर तथा बटलर पैलेस स्थित बाढ़ पंपिंग स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंपिंग स्टेशनों पर उपलब्ध संसाधनों, मशीनों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरणों को पूर्णतः क्रियाशील अवस्था में रखा जाए, ताकि भारी वर्षा की स्थिति में जल निकासी प्रभावित न हो और किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाए।
मानसून से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले नाला सफाई कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत निगरानी आवश्यक है, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।