लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे जन चौपाल अभियान के तहत शनिवार को जोन-6 के कल्याण सिंह वार्ड और लालजी टंडन वार्ड में जन चौपाल आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने क्षेत्रीय समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।
कल्याण सिंह वार्ड में काकोरी मोड़ स्थित राम लाल लॉन में आयोजित जन चौपाल में स्थानीय लोगों ने सीवर व्यवस्था, खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंके जाने, पेयजल आपूर्ति और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। नागरिकों ने जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्वच्छता संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। अधिकारियों ने शिकायतों को सुनकर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं शाम को लालजी टंडन वार्ड के बरावन खुर्द पार्क में आयोजित जन चौपाल में नागरिकों ने सीवर ओवरफ्लो, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी अमरजीत यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को उनके क्षेत्र में ही सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण और नागरिकों के साथ सतत संवाद के लिए प्रतिबद्ध है।