नगराम के CPL कॉलेज में मेधावियों का सम्मान, बोर्ड टॉपर्स को किया गया पुरस्कृत

लखनऊ। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके सी.पी.एल. पब्लिक इंटर कॉलेज, नगराम इलाके लक्ष्मणपुर में सोमवार को ‘प्रतिभा सम्मान समारोह 2026′ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ किया। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों का रोली-टीका लगाकर व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी टॉपर्स को मेडल, ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

हाईस्कूल वर्ग में अर्श ने 93% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा मानसी वर्मा (89.66%), मानवी (89.33%), शिवांशु यादव (89.16%) और प्रियांशु (88.66%) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप सूची में जगह बनाई।

इंटरमीडिएट वर्ग में आदर्श वर्मा ने 86.60% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अल्का पटेल (86.00%), एंजिल (85.40%), मानसी वर्मा (83.80%) और माही सोनी (83.60%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक मेहनत और विद्यार्थियों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने आशा जताई कि यही छात्र-छात्राएं भविष्य में आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनकर देश का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता में अभिभावकों की भूमिका को भी सराहा। प्रधानाचार्य ने कहा कि बच्चों की सफलता में घर और विद्यालय के बीच बेहतर तालमेल बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अभिभावकों को सकारात्मक शैक्षिक वातावरण देने के लिए धन्यवाद दिया।