लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र स्थित रायबरेली रोड पर गोपाल खेड़ा के पास मेगा स्टेट कॉलोनी में रविवार को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए स्वामी सुपर-30 कोचिंग संस्थान का भव्य उद्घाटन किया गया। यह संस्थान विशेष रूप से आईआईटी- जेईई , नीट- यूजी, एनडीए और यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए समर्पित है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगाता है।
उद्घाटन समारोह के दौरान संस्थान प्रबंधन ने ‘स्कॉलरशिप कम एडमिशन टेस्ट’ आयोजित करने की घोषणा की। इस परीक्षा के माध्यम से चयनित छात्रों को न केवल आकर्षक पुरस्कार और मेडल दिए जाएंगे, बल्कि उन्हें IIT-JEE, NEET-UG और NDA जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूर्ण शैक्षणिक सहयोग निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि इस परीक्षा में CBSE, ICSE और यूपी बोर्ड के कक्षा 6 से 12 तक के सभी छात्र भाग लेने के पात्र होंगे, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, अभिभावकों और बड़ी संख्या में छात्रों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल पारंपरिक पढ़ाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि छात्रों को कॉन्सेप्ट आधारित और विश्लेषणात्मक सोच के साथ तैयार करना आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए संस्थान में CPST (Conceptual Problem Solving Training) पद्धति के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी, जिससे छात्रों की तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल का विकास हो सके।
संस्थान के संस्थापक रौशन सिंह, निदेशक सर्वेश पटेल और मीडिया प्रभारी विनय गिरि ने बताया कि स्वामी सुपर -30 का उद्देश्य शिक्षा को व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि संस्थान की स्थापना अपार धन कमाने के लिए नहीं, बल्कि गरीब, जरूरतमंद और मेधावी छात्रों को सही दिशा और अवसर देने के लिए की गई है, ताकि वे भी बड़े सपने देख सकें और उन्हें साकार कर सकें।
उन्होंने आगे बताया कि संस्थान का लक्ष्य ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों की पहचान करना है, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाते हैं, और उन्हें उचित मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री तथा अनुभवी शिक्षकों का सहयोग प्रदान कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है।
अभिभावकों और छात्रों ने इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि स्वामी सुपर-30 आने वाले समय में क्षेत्र के छात्रों के लिए सफलता का नया केंद्र बनेगा और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करेगा।