एक लाख करोड़ के अर्बन चैलेंज फंड पर बड़ी बैठक, ए.के. शर्मा बोले—यूपी के शहर बनेंगे ग्रोथ इंजन

लखनऊ। नगर विकास व ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित ‘अर्बन चैलेंज फंड’ (UCF) से संबंधित उच्चस्तरीय बैठक में प्रतिभाग किया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की। इसमें शहरी विकास की प्राथमिकताओं, परियोजनाओं के चयन, अनुमोदन प्रक्रिया को सरल बनाने और निधियों के समयबद्ध निर्गमन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड के तहत प्रस्तावित एक लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता देश के शहरी विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे शहरों को आर्थिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और UCF के अंतर्गत चयनित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। शर्मा ने कहा कि एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (ICCC), नगर सेवाओं का डिजिटलीकरण, ड्रोन आधारित अतिक्रमण प्रबंधन, ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD), डंपसाइट पुनर्वास, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विरासत संरक्षण और स्ट्रीट लाइटिंग जैसी योजनाएं शहरों की कार्यक्षमता और जीवन स्तर में व्यापक सुधार लाएंगी।

उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल शहरी अवसंरचना को मजबूत करेगी, बल्कि रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण और सतत विकास को भी गति देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से उत्तर प्रदेश के शहर आधुनिक, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर बनेंगे।

बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और शहरी विकास क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।