जनगणना प्रशिक्षण केंद्रों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। लखनऊ में जनगणना की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने रविवार को शहर के जोन-5 और जोन-2 में संचालित जनगणना प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

प्रगणकों से संवाद, जनगणना के महत्व पर दिया जोर

नगर आयुक्त ने जोन-5 के इंडिया लिटरेसी बोर्ड और जोन-2 के ईदगाह परिसर में चल रहे प्रशिक्षण सत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर प्रगणकों और सुपरवाइजर्स से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर सरकार की नीतियां और योजनाएं तय होती हैं, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भोजन और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुसार सुनिश्चित हों। खास तौर पर भोजन और पेयजल की उचित व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि प्रशिक्षण में शामिल कर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

नगर आयुक्त ने साफ कहा कि जो प्रगणक और सुपरवाइजर्स प्रशिक्षण से लगातार अनुपस्थित हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में तुरंत उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए मिलेगा मार्गदर्शन

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर्स का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाए, जिससे प्रशिक्षण के बाद भी वे मास्टर ट्रेनर्स से जुड़े रह सकें और जरूरत पड़ने पर तुरंत मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।

गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर

नगर आयुक्त ने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और सभी प्रतिभागियों को जनगणना से जुड़ी तकनीकी और व्यवहारिक जानकारी पूरी तरह से दी जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया सफल और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।