लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रचारक एवं भारतीय मजदूर संघ के वरिष्ठ नेता प्रेम सागर मिश्रा का मंगलवार देर शाम पीजीआई अस्पताल में उपचार के दौरान 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
सीतापुर जनपद के मूल निवासी रहे प्रेम सागर मिश्रा पिछले कई दशकों से मोहनलालगंज के माधवखेड़ा में अपने परिवार सहित निवास कर रहे थे। राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित मिश्रा जी ने लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही भारतीय मजदूर संघ में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए श्रमिक हितों की मजबूती से आवाज उठाई।
उनके निधन की खबर मिलते ही समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। बुधवार को पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद लखनऊ के भैसाकुंड घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और परिजन शामिल रहे।
प्रेम सागर मिश्रा का जीवन सादगी, अनुशासन और समाज सेवा के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। वे अपने पीछे तीन पुत्र — आशीष मिश्रा, अरुण मिश्रा और अमित मिश्रा — सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।