निगोहां प्रेस क्लब की बैठक में पत्रकार हित और जनसमस्याओं पर हुआ गंभीर मंथन

लखनऊ। पत्रकारिता की गरिमा, संगठन की एकजुटता और आमजन की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से निगोहां प्रेस क्लब की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। संगठन के गठन के आठ माह पूर्ण होने के अवसर पर हुई इस बैठक में पत्रकारों के हितों, क्षेत्र की ज्वलंत जनसमस्याओं और संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि निगोहां प्रेस क्लब निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आवाज बनकर कार्य कर रहा है। बीते महीनों में संगठन से जुड़े पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों का सकारात्मक असर देखने को मिला है, जिससे कई मामलों में प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा।

संगठन की कार्यशैली पर चर्चा करते हुए पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब अनुशासन और नैतिक मूल्यों से कोई समझौता नहीं करेगा। यदि कोई सदस्य पत्रकारिता की मर्यादा के विपरीत गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो संगठन स्तर पर उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि प्रेस क्लब की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा बनी रहे।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। निर्णय लिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही सभी पत्रकारों से अपील की गई कि वे पीड़ितों, किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाएं।

बैठक का संचालन वरिष्ठ पत्रकार जय शुक्ला ने किया। वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश द्विवेदी और ललित दीक्षित ने संगठन की एकजुटता को ही उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया। महामंत्री प्रदीप द्विवेदी ने कहा कि गरीब, किसान और मजदूरों से जुड़े मुद्दों पर संगठन को और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत है।

अध्यक्ष विमल सिंह चौहान ने सभी पत्रकार साथियों से संगठित रहकर आपसी सहयोग के माध्यम से प्रेस क्लब को और सशक्त बनाने का आह्वान किया।

बैठक में बृजराज सिंह, जय सिंह यादव, शिवा मिश्रा,प्रमोद सोनी, अशोक सिंह, सुनील मणि, डॉ. एस.बी. सिंह, अखिलेश शुक्ला, वेद यादव, सुनील त्रिवेदी, प्रशांत त्रिवेदी, सौरभ सिंह, मुकेश मिश्रा, आशीष पांडेय, मोइन खान, अनुराग तिवारी, आरिफ मसूरी, आरिफ खान, रामजी जायसवाल, श्याम जी जायसवाल, सुजीत गुप्ता, सुनील गुप्ता, सुनील पटेल, शैलेन्द्र शुक्ला, उमेश गुप्ता, अरुण सिंह, फहीम खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।