लखनऊ। बिजनौर थाना क्षेत्र में बीते दिनों चोरी की घटनाओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। चोरों ने एक बंद मकान सहित तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और हजारों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात माती गांव निवासी सुजीत पुत्र सुखराम के घर की है। पीड़ित के अनुसार वह 26 जनवरी की शाम करीब चार बजे पत्नी और बच्चों के साथ मोहनलालगंज के गणेशखेड़ा स्थित ससुराल गया था। अगले दिन 27 जनवरी की सुबह लगभग साढ़े दस बजे जब वह वापस लौटा, तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर देखा कि अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती गहने तथा करीब 56 हजार रुपये नकद गायब थे। काफी खोजबीन के बावजूद चोरी गए सामान का कोई सुराग नहीं मिल सका।
दूसरी घटना कटरा मोहल्ला निवासी कल्लू गौतम पुत्र हनुमान के घर में हुई। पीड़ित के मुताबिक 18 जनवरी की रात वह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे और दूसरे कमरे से सोने की कान की झुमकी, चांदी की पायल, छोटा पायल, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण चोरी कर ले गए।
कल्लू गौतम का यह भी कहना है कि चोरों ने इसी दौरान उनके पड़ोसी होरी लाल पुत्र औसान गौतम के घर को भी निशाना बनाया। यहां से चोर सोने की झुमकी, हाथ पेटी, करीब 530 ग्राम की पायजेब, मंगलसूत्र, नथनी, लॉकेट सहित लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद तो हुए हैं, लेकिन फुटेज धुंधली होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है और जल्द ही घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।