लखनऊ । मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आलमबाग क्षेत्र में आयोजित विशाल समरसता खिचड़ी भोज एवं अधिवक्ता समागम में सामाजिक सौहार्द और एकता का अनुपम दृश्य देखने को मिला। गीतापल्ली वार्ड की पार्षद ऋचा मिश्रा के वीआईपी रोड स्थित कार्यालय के बाहर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजन-हवन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खिचड़ी भोज सामाजिक समरसता का प्रतिरूप है, जो समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करता है।

आयोजनकर्ता व लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व कोषाध्यक्ष एडवोकेट आदर्श मिश्र ने सभी को मकर संक्रांति और माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिचड़ी भोज केवल भोजन का आयोजन नहीं है, बल्कि यह जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को जोड़ने की परंपरा है। ऐसे आयोजनों से सनातन संस्कृति को मजबूती मिलती है और समाज में सौहार्द का वातावरण बनता है।
कार्यक्रम के दौरान समाज हित में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। खिचड़ी भोज में स्थानीय व्यापारी, अधिवक्ता वर्ग और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए, जिससे आयोजन पूरी तरह सामाजिक समरसता का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य अरविंद त्रिपाठी ‘गुड्डू’, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
