उत्तर प्रदेश बनेगा देश का फूड प्रोसेसिंग हब, केशव मौर्य बोले– इंडिया फूड एक्सपो खोलेगा निवेश और रोजगार के द्वार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश को देश का सबसे बड़ा खाद्य प्रसंस्करण हब बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने युवाओं, किसानों और उद्यमियों से इंडिया फूड एक्सपो–2026 का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर स्थित रिगेलिया ग्रीन्स (1090 चौराहा के पास) में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया फूड एक्सपो एवं सेमिनार के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा इंडस्ट्रियल डायरेक्ट्री का विमोचन भी किया।

केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति देश की सर्वश्रेष्ठ नीतियों में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने के लिए सभी को संकल्पबद्ध होकर कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत है और औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है।

सेमिनार के दौरान पीएमएफएमई योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले डीआरपी, बैंकर्स, उद्यमियों और लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही पांच उद्यमियों को एलओसी और सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक भी प्रदान किए गए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की फसल को किसी भी स्थिति में बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। किसान, उद्यमी और उपभोक्ता के बीच मजबूत श्रृंखला तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों में विशेष प्रोत्साहन का उल्लेख करते हुए बताया कि महिलाओं द्वारा स्थापित उद्यमों को सोलर ऊर्जा से जोड़ने पर 90 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो जैसे आयोजन निवेश, नवाचार और रोजगार के नए अवसर पैदा करते हैं। उत्तर प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रदेश सरकार हर निवेशक और उद्यमी के साथ मजबूती से खड़ी है।

बताया गया कि इंडिया फूड एक्सपो एवं सेमिनार का 10वां संस्करण 16 से 18 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें खाद्य प्रसंस्करण तकनीक, मशीनरी और उत्पादों की व्यापक प्रदर्शनी के साथ विशेषज्ञों द्वारा उद्यम स्थापना पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बी.एल. मीना, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल, विधायक नीरज बोरा, निदेशक खाद्य प्रसंस्करण टी.के. शीबू सहित बड़ी संख्या में उद्यमी और अधिकारी उपस्थित रहे।