गोसाईगंज में कैंसर जागरूकता को लेकर ‘स्वास्थ्य संवाद’, महिलाओं को दी गई रोकथाम की जानकारी

दिव्यांशु त्रिपाठी की रिपोर्ट

लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ द्वारा कैंसर की रोकथाम तथा महिलाओं में होने वाले सामान्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज में “स्वास्थ्य संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर कैंसर के प्रति सही जानकारी देना और समय पर जांच के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में कैंसर संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट, सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. आयुष लोहिया, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज के अधीक्षक डॉ. सुरेश पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी सहित अनेक स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चिकित्सकों ने कैंसर के जोखिम कारकों, प्रारंभिक लक्षणों की पहचान और जीवनशैली में बदलाव की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

Kalyan Singh Cancer Institute Lucknow cancer awareness program

सामुदायिक स्वास्थ्य विभाग की डॉ. अंशु सिंह और डॉ. रोहित ने विशेष रूप से महिलाओं में स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर को लेकर जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्क्रीनिंग, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और स्वस्थ जीवनशैली को कैंसर की रोकथाम में अहम बताया।

कार्यक्रम में स्कूलों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया, जो जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर करीब 70 से 80 महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। स्थानीय निवासियों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने पूरे समुदाय में कैंसर रोकथाम का संदेश पहुंचाने का संकल्प भी लिया।