कैंसर मरीजों के लिए बड़ी खबर: कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में आई डिजिटल PET-CT मशीन

लखनऊ से दिव्यांशु त्रिपाठी की रिपोर्ट

लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ ने कैंसर निदान के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। संस्थान में उत्तर प्रदेश के किसी भी सरकारी संस्थान की पहली अत्याधुनिक डिजिटल PET-CT स्कैनर मशीन पहुँच चुकी है। इस मशीन के शुरू होने से कैंसर की अत्यंत प्रारंभिक अवस्था में सटीक पहचान, स्टेज निर्धारण और उपचार की प्रभावशीलता का आकलन पहले से कहीं अधिक बेहतर हो सकेगा।

बताया गया है कि इस अत्याधुनिक डिजिटल PET-CT स्कैनर मशीन की अनुमानित लागत लगभग 25 करोड़ रुपये है। यह मशीन नवीन डिजिटल डिटेक्टर तकनीक पर आधारित है, जो पारंपरिक PET-CT की तुलना में बेहतर रेजोल्यूशन, अधिक संवेदनशीलता और कम नॉइज़ के साथ उच्च गुणवत्ता वाली इमेज उपलब्ध कराती है।

संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी. भट्ट जी ने बताया कि डिजिटल PET-CT स्कैनर के माध्यम से ब्रेन, फेफड़े, स्तन, हेड एंड नेक, लिम्फोमा सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर के निदान और उपचार योजना तैयार करने में बड़ी सहायता मिलेगी। यह मशीन ट्यूमर की मेटाबॉलिक गतिविधि को अत्यंत सटीकता से दर्शाती है, जिससे मरीजों के लिए व्यक्तिगत और प्रभावी उपचार संभव हो सकेगा।

वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुसार, इस तकनीक से कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के प्रभाव का मूल्यांकन पहले से अधिक विश्वसनीय तरीके से किया जा सकेगा, जिससे अनावश्यक उपचार से बचाव और सही समय पर इलाज संभव होगा।

फिलहाल मशीन की स्थापना और तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद इसे शीघ्र ही मरीजों की सेवा के लिए शुरू कर दिया जाएगा। इस सुविधा के उपलब्ध होने से लखनऊ सहित आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को उन्नत PET-CT जांच के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी।