मोहनलालगंज में 24 घंटे में बड़ी चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, ₹15 लाख का माल बरामद

लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की डीसीएम, बैटरियां और स्टेपनी बरामद की हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीते सोमवार को शिकायतकर्ता संजय सिंह यादव, निवासी शांति नगर, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ ने थाना मोहनलालगंज में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी की कई गाड़ियां जैतीखेड़ा स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी थीं। रात करीब 1 बजे अज्ञात चोरों ने डीसीएम वाहन संख्या UP 32 YN 8964, अन्य वाहनों की बैटरियां और स्टेपनी चोरी कर लीं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क निगरानी के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर ली।

मंगलवार को पुलिस टीम ने गनियार से मोहनलालगंज की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर शैलेन्द्र कुमार, निवासी प्यारेपुर, थाना हरचन्दपुर, जनपद रायबरेली को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका साथी राज, जो पहले विक्रम ट्रांसपोर्ट कम्पनी में चालक रह चुका था, ने उसे गाड़ियों की लोकेशन और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी थी। दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई और रात करीब 1:30 बजे वारदात को अंजाम दिया।

चोरी के बाद दोनों डीसीएम और सामान बेचने के इरादे से निकले थे, लेकिन रास्ते में गाड़ी का डीजल खत्म हो गया। इसी दौरान अभियुक्त का साथी डीजल लेने गया और मौके पर पहुंची मोहनलालगंज पुलिस ने शैलेन्द्र कुमार को धर दबोचा। पुलिस ने अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।